श्रद्धालुओं से भरी टवेरा पलटी, 9 घायल: मंदिर के महंत ने घायलों को अस्पताल भिजवाया

उज्जैन। ऋणमुक्तेश्वर मंदिर से भर्तहरी गुफा की ओर जा रही आंध्र प्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी एक टवेरा गाड़ी गुरुवार को अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 9 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए।हादसे के बाद ऋणमुक्तेश्वर मंदिर के महंत महावीरनाथ महाराज और उनके सहयोगियों ने राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने और घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में मदद की। बताया गया है कि दुर्घटना स्थल पर उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों के तहत घाट निर्माण हो रहा है। एक तरफ घाट निर्माण है और दूसरी ओर दीवार है, जिसके कारण गाड़ी घाट की ओर पलट गई।पुलिस ने शुरू की पूछताछ-एम्बुलेंस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंचने के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सभी श्रद्धालु आंध्र प्रदेश से उज्जैन में दर्शन के लिए आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ श्रद्धालु वाहन के नीचे दब गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और मंदिर प्रबंधन की सहायता से बाहर निकाला गया। ड्राइवर के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment