वेतन को तरसे नपा कर्मचारी, अब पानी रोकने की चेतावनी 8 अक्टूबर को पैदल मार्च, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

सनावद। नगर पालिका कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं होने से नाराजगी अब आंदोलन में बदलती नजर आ रही है। स्थायी कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है, जबकि दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को तीन माह से भुगतान नहीं होने का आरोप है। कर्मचारियों ने पीएफ की राशि को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

अपनी मांगों को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ के मुताबिक, पूर्व में 5 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की सूचना दी गई थी, लेकिन मांगों का निराकरण नहीं होने पर अब आंदोलन को और व्यापक करने का निर्णय लिया गया है।

संघ ने घोषणा की है कि 8 अक्टूबर को कर्मचारी सनावद से खरगोन तक पैदल मार्च कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 9 अक्टूबर से नगर की जलप्रदाय सेवा बंद करने की चेतावनी दी गई है।यदि जलप्रदाय सेवा बंद होती है तो इसका सीधा असर शहर के हजारों नागरिकों पर पड़ सकता है। ऐसे में कर्मचारियों का आंदोलन अब केवल वेतन भुगतान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शहर की पेयजल व्यवस्था पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।ज्ञापन में कर्मचारियों ने पैदल मार्च के दौरान किसी कर्मचारी के साथ अप्रिय घटना होने पर इसकी जिम्मेदारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी की होने की बात भी कही है।अब निगाहें प्रशासन पर हैं कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान होता है या फिर वेतन का विवाद सनावद में जल संकट की वजह बनता है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment