पीडब्ल्यूडी की सड़क पर बिना अनुमति खुदाई पर विभाग सख्त, सीएमओ को नोटिस; वार्ड में गहराया पेयजल संकट

सनावद | लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की अनुमति के बिना सड़क खोदना नगर परिषद सनावद और संबंधित एजेंसी को भारी पड़ता नजर आ रहा है। विभाग के अधीन सनावद-इनपुन-भोंगावा मार्ग (लंबाई 0.840 किमी) पर बिना पूर्व स्वीकृति के की जा रही खुदाई पर पीडब्ल्यूडी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सनावद को नोटिस जारी कर तत्काल काम रुकवाने के निर्देश दिए हैं। वहीं दूसरी ओर, नगर के वार्ड क्रमांक 17 में भी सड़क खुदाई के कारण पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे रहवासियों में भारी आक्रोश है।
सड़क की गुणवत्ता प्रभावित, पूर्ववत स्थिति में बहाली के आदेश-अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) लोक निर्माण विभाग, खंडवा उपसंभाग श्रीमती सीमा सागर द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि नगर परिषद या संबंधित एजेंसी द्वारा बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के खुदाई की जा रही है। इससे विभागीय सड़क की सतह और संरचना को क्षति पहुंच रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। पीडब्ल्यूडी ने तत्काल खुदाई बंद करवाकर विभागीय तकनीकी मानकों के अनुरूप सड़क की मरम्मत एवं बहाली सुनिश्चित करने तथा भविष्य में खुदाई से पूर्व विधिवत अनुमति लेने के निर्देश दिए हैं। पत्र की प्रतिलिपि कार्यपालन यंत्री खंडवा को भी भेजी गई है।
वार्ड क्रमांक 17 में खुदाई से पेयजल आपूर्ति ठप, नपा मौन-इधर, नगर के वार्ड क्रमांक 17 में चल रही सड़क खुदाई के चलते पेयजल पाइपलाइन बाधित होने से रहवासियों के सामने गंभीर जल संकट खड़ा हो गया है। घरों में पानी की सप्लाई ठप होने से महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, वहीं गड्ढों से आवागमन भी दूभर हो गया है। बार-बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका प्रशासन द्वारा सुध न लेने पर वार्डवासियों ने तत्काल जलापूर्ति सुचारु करने की मांग की है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment