उज्जैन। नमकीन गोदाम में चोरी करने घुसे 2 हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को भागने से पहले ही घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। गोदाम की लाइट चालू देख संचालक को शंका हुई थी। पुलिस ने दोनों को हिस्ट्रीशिटर बदमाशों को सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
महिदपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि रविवार रात 11 बजे के लगभग वल्लभ भाई पटेल मार्ग पर रहने वाले जितेन्द्र पिता भंवरलाल जैन 48 साल ने सूचना देकर बताया था कि वह नमकीन का कारोबार करता है। उसका पांच बंगला पर गोदाम है। जिसमें चोरी की नियत से कुछ बदमाश घुसे है। पुलिस की डायल 112 तत्काल पांच बंगला पहुंच गई थी। जितेन्द्र जैन ने अपने परिचितों को बुला लिया था। गोदाम का ताला बाहर से टूटा था, पुलिस ने जैन के परिचितों के साथ घेराबंदी की और गोदाम में प्रवेश किया, जहां 2 बदमाश गोदाम में सामान की तलाशी लेते मिले। दोनों को हिरासत में लिया गया और थाने लाया गया। दोनों थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बदमाश माखन उर्फ माखनसिंह पिता उदयसिंह 29 साल और हिम्मतसिंह उर्फ हेमंतसिंह पिता दरबारसिंह 45 साल निवासी मोचीखेडा महिदपुर होना सामने आये। थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाश माखनसिंह के खिलाफ लूट, हफ्ता वसूली, चोरी करना, घर में घूसकर मारपीट करना, जान से मारने की धमकी देने के 10 अपराध दर्ज है। वहीं हिम्मतसिंह पर 13 मामले लूट, हफ्ता वसूली, चोरी करना, एनडीपीएस, मारपीट, धमकी देने के दर्ज है। दोनों को गिरफ्तार करने में एएसआई राधेलाल निनामा , प्रधान आरक्षक नारायणसिह, आरक्षक सुखदेव, समरथ पाटीदार और डायल 112 के चालक दिनेश कुमावत के साथ गोदाम संचालक की भूमिका रही।
बाइक लेने गोदाम आया था संचालक
चोरी की नियत से गोदाम में घुसे बदमाशों की सूचना देने वाले गोदाम संचालक जितेन्द्र जैन ने पुलिस को बताया कि वह शाम को जल्द गोदाम बंद कर घर चला जाता है। रात में वह बाइक गोदाम के बाहर खड़ी कर चला गया था। रात में बाइक लेने पहुंचा तो उसने गोदाम की लाइट चालू देखी, शंका होने पर ताला देखा तो टूटा हुआ था। तत्काल उसने पुलिस और परिचितों को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। जिसके चलते चोरी होने से बच गई।
लाइट चालू देख संचालक को हुआ शक… ताला तोड़कर चोरी करने गोदाम में घुसे थे 2 हिस्ट्रीशीटर