उज्जैन। धार्मिक नगरी को नशा मुक्त बनाने के अभियान में एक बार फिर 2 युवकों को हिरासत में लिया गया है। एक के पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुई तो दूसरे के पास से स्मैक मिली है। दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
बड़नगर थाना पुलिस द्वारा बुधवार रात कस्बे में वाहन चैकिंग का पाइंट लगाया गया था। रूनिजा की ओर से बाइक सवार आया। उसने पुलिस को चैकिंग करते देखा तो भागने का प्रयास किया। उसकी बाइक पर नम्बर प्लेट नहीं थी, पुलिस टीम ने उसे भागते देखा तो पीछा कर हिरासत में लिया। उससे बाइक के दस्तावेज मांगे गये, नहीं होने पर तलाशी ली गई तो उसके पास से 15 ग्राम स्मैक बरामद हो गई। थाने लाकर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नासिर पिता जाकिर हुसैन नटराज टॉकिज बड़नगर बताया। एसआई सुनील परमार ने बताया कि बरामद स्मैक की कीमत डेढ़ लाख रूपये सामने आई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज कर गुरूवार को न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से 2 दिनों की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है। आरोपी का अपराधिक रिकार्ड खंगालने पर पूर्व में भी 4 प्रकरण दर्ज होना सामने आये है।
नीलगंगा पुलिस ने जप्त की 17 ग्राम ड्रग्स
जिले में चलाये जा रहे एंटी नारकोटिक्स अभियान में नीलगंगा थाना पुलिस द्वारा बुधवार को मुखबीर की सूचना पर सांवराखेड़ी पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास से कालू उर्फ करण पिता राकेश जगदेव निवासी राजीव रत्न कालोनी को हिरासत में लिया। उसके पास से 17.25 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। एसआई यादवेन्द्र परिहार ने बताया कि ड्रग्स डेढ़ लाख कीमत की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी 8 प्रकरण दर्ज है। गुरूवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
57 आरोपियों पर घोषित हुआ इनाम
मादक पदार्थ तस्करी में शामिल 57 आरोपियों के खिलाफ गुरूवार को पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा द्वारा 10-10 हजार का इनाम घोषित किया गया है। जिले में पुलिस ने पिछले 26 सालों में 40 प्रकरण दर्ज किये थे। आरोपी जमानत मिलने के बाद फरार हो गये थे। जिनके खिलाफ न्यायायल से वारंट जारी हो चुके है। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा फरार आरोपियों की सूचना देने वाले का नाम गुप्त कर इनाम देने की घोषण की है।
रिमांड पर मादक पदार्थ के साथ हिरासत में आये युवक एक पास मिली एमडी ड्रग्स तो दूसरे के पास स्मैक