उज्जैन। माकडोन के ग्राम भरियाखेड़ी में 25 अक्टूबर की रात खेत हांकने और रास्ते को लेकर हुये विवाद में जीवन पिता रामकिशन शर्मा 40 साल की राजाराम उर्फ नंदकिशोर पिता बाबूलाल शर्मा, कृष्णपाल पिता राजाराम उर्फ नंदकिशोर शर्मा और वीरेंद्र पिता राजाराम उर्फ नंदकिशोर शर्मा ने लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर 27 अक्टूबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जिन्हे 28 अक्टूबर को कोर्ट में पेश कर 2 दिनों की रिमांड पर लिया गया था। गुरूवार को तीनों का गांव में जुलूस निकाला गया। विदित हो कि हत्या से चार दिन पहले दशहरा पर्व में मृतक परिवार और आरोपी परिवार का विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था, बावजूद एक पक्ष ने हत्या को अंजाम दिया था। थाना प्रभारी प्रदीपसिंह राजपूत ने बताया कि हत्या में एक आरोपी बाबूलाल पिता स्वर्गीय कन्हैयालाल शर्मा फरार है। जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों का शुक्रवार को रिमांड खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया जायेगा।
हत्या में शामिल 3 आरोपियों का निकाला जुलूस