ब्रह्मास्त्र वाराणसी
काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 14 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। वह बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। गेट पर ही 108 बटुकों ने शंखनाद के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम ने बाबा विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की। पांच पंडितों ने उन्हें पूजा कराई, माला पहनाई और त्रिपुंड लगाया। पीएम मोदी पूजा के बाद मंदिर से बाहर निकले तो विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने उन्हें त्रिशूल भेंट किया। मेयर ने डमरू दिया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने त्रिशूल उठाकर लहराया। इससे पहले, रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर डांस करते नजर आए। प्रधानमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया गया। काफिले पर फूल बरसाए गए। पीएम ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया। मंदिर से पीएम सड़क मार्ग से एयरपोर्ट जाएंगे। वहां से सीएम योगी के साथ हरदोई रवाना होंगे, जहां गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेेंगे।