महिदपुर। नगर के छोटे एवं फुटकर व्यापारियों को बैंकों से 1, 2, 5 और 10 रुपये के सिक्के तथा छोटे नोट उपलब्ध नहीं होने की समस्या को लेकर मंगलवार को आयोजित मध्यप्रदेश शासन की जनसुनवाई में आवेदन सौंपा गया।लोकतंत्र प्रहरी एवं सामाजिक कार्यकर्ता स्वस्तिक चौधरी ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के नाम तहसीलदार संतुष्टी पाल को दिया। आवेदन में बताया कि महिदपुर नगर में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी सहित विभिन्न बैंकों की शाखाएं संचालित हैं। ये सभी बैंक भारत सरकार एवं भारतीय रिजर्व बैंक के बैंकिंग नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अधीन कार्य करते हैं।
साथ ही इन बैंक के माध्यम से भारत सरकार तथा मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित विविध योजनाओ के लोन एवं ऋण भी फूटकर एवं छोटे व्यापारियों को प्रदाय किए जाते है।आवेदन में उल्लेख किया गया कि बैंकों द्वारा अधिकांशतः बड़े व्यापारियों को हजारों रुपये के सिक्के एवं छोटे नोट उपलब्ध करा दिए जाते हैं, साथ ही छोटे एवं फुटकर व्यापारियों को सिक्के तथा छोटे नोट देने से मना कर दिया जाता है। इससे छोटे दुकानदारों को रोजमर्रा के व्यापार व्यवसाय करने में परेशानी उठानी पड़ रही है।चौधरी ने बताया कि छोटे एवं फुटकर व्यापारियों को ही व्यवसाय संचालन के दौरान सबसे अधिक सिक्कों और छोटे नोटों की आवश्यकता होती है। पर्याप्त छुट्टे पैसे उपलब्ध नहीं होने से ग्राहकों को शेष राशि लौटाने में परेशानी आती है। कई बार इस स्थिति में ग्राहकों के साथ विवाद भी हो जाता है, जिससे व्यापार प्रभावित होता है।