उज्जैन। नगर निगम की स्वास्थ्य समिति की बैठक में महापौर मुकेश टटवाल ने वर्षाकाल को देखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी सफाई संबंधी समस्या हो, उसका तत्काल समाधान किया जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ प्रभावी चालानी कार्रवाई की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मंगलवार से चक्रतीर्थ पर मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। घर पहुंचकर मृत्यु प्रमाण पत्र देने की सुविधा भी पूर्ववत जारी रहेगी।
महापौर ने सुलभ कॉम्प्लेक्स की नियमित सफाई, आवारा पशुओं पर कार्रवाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के समय पर संचालन और नागरिकों को गीला-सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उद्यानों व सार्वजनिक स्थलों पर पालतू श्वानों को खुले में शौच कराने वालों पर भी चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों को देखते हुए धार्मिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।