उज्जैन। बिहार का रहने वाला परिवार शुक्रवार को महाकाल दर्शन करने उज्जैन आया था। शाम को दर्शन के बाद परिवार मंदिर से बाहर निकला था और क्षेत्र में घूम रहा था उसी दौरान मंदिर के पास ई-रिक्शा चालक ने परिवार की 74 वर्षीय उषादेवी पति श्याम बाबू के पैर पर रिक्शा चढ़ा दिया। वृद्धा घायल हो गई। परिवार लोगों की मदद से चरक अस्पताल लेकर पहुंचा। वृद्धा को उपचार के लिये भर्ती किया गया है। मामले की सूचना मिलने पर महाकाल थाना पुलिस ने वृद्धा के परिजनों की शिकायत पर रिक्शा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। घटना के बाद चालक रिक्शा लेकर भाग निकला था।
चिमनगंज थाना क्षेत्र के संजय नगर में रहने वाला करण पिता किशोर मोरे 24 साल शुक्रवार को घर में मृत अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों का लगा था कि वह सोया हुआ है। जब वह नहीं उठा तो उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। आशंका जताई गई कि युवक को हार्ट अटैक हुआ था। परिजनों ने बताया कि करण के माता-पिता उसके साथ नहीं रहते है। वह मामा के पास रहता था और रंगाई-पुताई का काम करता था। उसे शराब पीने की लत भी लग चुकी थी। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पायेगी।
बिहार की महिला श्रद्धालु के पैर पर चढ़ा ई-रिक्शा,अटैक की आशंका