बाइक सवार परिवार को बस चालक ने कुचला -दुर्घटना में पति की मौत, पत्नी-पुत्र घायल

उज्जैन। बाइक सवार परिवार को मंगलवार शाम बस चालक ने कुचल दिया। दुर्घटना में पति-पत्नी और पुत्र गंभीर घायल हो गये थे, जिन्हे अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन पति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। बस चालक की तलाश जारी है।
माधवनगर थाना पुलिस ने बताया कि विक्रमनगर रिंगरोड पर कोठी की ओर आने वाले मार्ग पर शाम को बाइक सवार परिवार को तेजगति से दौड़ती बस ने कुचल दिया था। दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर भाग निकला। बाइक सवार परिवार गंभीर घायल हो गया था, लोगों की मदद से उन्हे अस्पताल भेजा गया, सूचना मिलते ही पुलिस रिंगरोड पहुंच गई थी। अस्पताल पहुंचने के बाद सामने आया कि दुर्घटना में घायल सादिक पिता अफजल बेग निवासी नरवर की मौत हो चुकी थी। उसकी पत्नी सानाबी और पुत्र रेहान घायल है। पुलिस के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर मृतक का शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जायेगा। दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिवार अस्पताल पहुंच गया था। मृतक की घायल पत्नी के बयान और परिजनों से पूछताछ के बाद सामने आ पायेगा कि तीनों कहां से कहां जा रहे थे। बस का नम्बर सामने आ चुका है। जिसके आधार पर चालक की तलाश जारी है।
इधर मक्सीरोड पर दुर्घटना में 2 की मौत
रात 10 बजे के लगभग पंवासा थाना क्षेत्र के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर और श्री सिंथेटिक्स चौराहा के बीच लोडिंग वाहन और बाइक में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना काफी भयावह थी, बाइक के परखच्चे उड़ गये, वहीं लोडिग वाहन भी आगे से क्षतिग्रस्त हो गया। बाइक पर सुरेश पिता मोहन दायमा 35 साल और गज्जू पिता बाबूदास बैरागी 31 साल निवासी पाटपाला सवार थे। दोनों गंभीर घायल हुये थे। उन्हे चरक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पंवासा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंच गई थी। लोड़िग वाहन क्रमांक एमपी 42 जी 4199 छोड़कर चालक भाग निकला था। पुलिस ने नम्बर के आधार पर जांच कर रही है। मृतकों का बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जायेगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment