उज्जैन। आतंकवाद का प्रश्रय स्थल पाकिस्तान का अब कास्मेटिक आतंकवाद सामने आ रहा है। पाकिस्तान निर्मित दो ब्यूटी क्रीम को लेकर प्रदेश में सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए उपभोक्ताओं को एडवायजरी जारी की गई है। इस क्रीम के इंदौर के बाजार तक आने के बाद केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने अपने सदस्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।
गोरे होने का दावा करने वाली दो पाकिस्तानी क्रीमों पर मध्य प्रदेश में रोक लगा दी गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्य प्रदेश द्वारा शनिवार को जारी सूचना के माध्यम से दो कास्मेटिक उत्पादों गोरी ब्यूटी क्रीम व चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम के संबंध में जनस्वास्थ्य चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार उक्त उत्पाद पाकिस्तान में निर्मित हैं तथा देश में इनकी बिक्री हेतु आयात पंजीकरण जारी नहीं किया गया है। विभागीय सूचना के अनुसार इन उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक भारी धातुएं होने की आशंका है, जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती हैं।
केमिस्ट एसोसिएशन ने जारी किया अलर्ट
केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्रिपाठी के अनुसार भारत सरकार ने इसे प्रतिबंधित किया है। हम भारत सरकार के साथ हैं। ऐसे में अगर किसी ने इसकी खरीद की है तो हमने अलर्ट किया है कि वह जिससे माल लिया था उसे वापस कर अपना पैसा ले ले। उज्जैन में इसके विक्रय का तो सवाल ही नहीं है। हमने जानकारी निकाली है एवं अलर्ट कर दिया है।
माल इंदौर तक आया फिर गायब-
इधर सामने आ रहा है कि पाकिस्तान निर्मित गौरे होने की क्रीम का माल इंदौर तक आया है। इसे लेकर इंदौर में कार्रवाई हुई है। यहां तक की ड्रग विभाग की टीम ने भोपाल के बाजारों में इसे तलाशा है लेकिन वहां निराशा ही हाथ लगी। व्यापारियों को छापे की भनक लग चुकी थी और उन्होंने आनन-फानन में दोनों पाकिस्तानी क्रीम का सारा स्टॉक छिपा दिया। इस स्थिति के चलते इस बात की आशंका प्रबल है कि माल उज्जैन एवं आसपास के जिलों में भी पहुंचा है। कास्मेटिक खरीदी के लिए इंदौर का बाजार इंदौर एवं उज्जैन संभाग के करीब 14 जिलों का केंद्र है। ऐसे में आसपास के जिलों तक माल पहुंचने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।
बाजार पर हमारी नजर-
इस मामले में औषधि निरीक्षक धर्मेन्द्रसिंह कुशवाह ने बताया कि बाजार पर उनकी नजर बनी हुई है। बकायदा इसे लेकर केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन को सूचित किया गया है। एसोसिएशन ने अपने स्तर पर इसके लिए कार्रवाई की है। वैसे यह कास्मेटिक से संबंधित मसला है।
उपभोक्ताओं के लिए सार्वजनिक सूचना जारी –
अनधिकृत कॉस्मेटिक (सौदर्यं) उत्पादों के उपयोग के संबंध में जनस्वास्थ्य संबंधी चेतावनी की सार्वजनिक सूचना नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल मनोज पुष्प के हस्ताक्षर से जारी की गई है। इसमें बताया गया है कि कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण एवं आयात का विनियमन औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा प्रसाधन सामग्री नियमावली, 2020 के अंतर्गत किया जाता है। कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण के लिए वैध कॉस्मेटिक विनिर्माण लाइसेंस राज्य अनुज्ञापन प्राधिकारी द्वारा जारी किया जाता है तथा आयात की पंजीयन/लाइसेंस केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) द्वारा किया जाता है। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्पादों की अनाधिकृत बिक्री के बारे में सूचना प्राप्त हुई है।औषधि महानियंत्रक (भारत), केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन, नई दिल्ली द्वारा सार्वजनिक नोटिस क्रमांक COS-11012/07/2026-CDSCO दिनांक 08-09-2026 के माध्यम से आम जनता के लिये सूचना जारी की गई है, कि उपरोक्त उत्पादों के आयात हेतु आयात पंजीकरण सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी नहीं किया गया है, अतः इन्हें भारतीय बाजार में बिक्री के लिए अनुमति प्राप्त नहीं है। उपरोक्त उत्पाद अनधिकृत हैं तथा इनमें अत्यधिक मात्रा में भारी धातुएँ (Heavy Metals) पाये गये हैं, जो निर्धारित सीमा से अधिक होने के कारण उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए जोखिम उत्पन्न कर सकती हैं, जिनमें विषाक्त प्रभाव (Toxic Effects) भी शामिल हैं। अनाधिकृत उत्पादों के आलोक में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि यदि यह उत्पाद बाजार में उपलब्ध पाये जाते है तो इसकी सूचना तुरंत इस कार्यालय को प्रेषित करें या आपके जिले के औषधि निरीक्षक को जानकारी देवे।