बड़वानी। भारतीय जनता पार्टी जिला बड़वानी द्वारा संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को दोपहर 1 बजे जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन जिला अध्यक्ष अजय यादव के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर संविधान गौरव दिवस से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका जिला अध्यक्ष एवं अतिथियों ने फीता काटकर शुभारंभ किया।कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अजय यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं अतिथि के रूप में जिला महामंत्री भागीरथ कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष अजय कानूनगो, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भगवती प्रसाद शिंदे, मोर्चा जिला अध्यक्ष मोहन चितावले, पूर्व सीसीबी उपाध्यक्ष राजेन्द्र भावसार, जिला मंत्री जितेंद्र निकुम एवं अमित शर्मा मंचासीन रहे।जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। संगोष्ठी के पश्चात सभी अतिथि एवं कार्यकर्ता बस स्टैंड स्थित आंबेडकर पार्क पहुंचे, जहां संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जयकारे लगाए गए।
प्रदर्शनी का शुभारंभ कर संविधान निर्माता की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, वक्ताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना