पैर में फ्रैक्चर…फिर भी 3 घंटे वायलिन बजाती रहीं गंगा : महाकाल की नगरी में दी प्रस्तुति; बोलीं- बार-बार यहां आना चाहती हूं

उज्जैन\ अखिल भारतीय कालिदास समारोह के चौथे दिन मंगलवार रात केरल की 13 वर्षीय वायलिन वादक गंगा शशिधरन ने अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं का मन मोह लिया। करीब तीन घंटे तक चली प्रस्तुति में उन्होंने शास्त्रीय संगीत, लोकगीतों और बॉलीवुड के लोकप्रिय गानों की धुनें सुनाईं। पैर में चोट और फ्रैक्चर के बावजूद गंगा ने बैठकर प्रस्तुति दी। उनके वादन पर श्रोताओं ने खूब तालियां बजाईं।13 साल की उम्र में 500 से अधिक मंचों पर प्रस्तुति दे चुकीं गंगा के सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं और उनके वीडियो को करोड़ों व्यूज मिल चुके हैं। इसी वजह से वह ‘एक्सप्रेशन क्वीन’ के नाम से देशभर में प्रसिद्ध हैं। मंगलवार रात कालिदास समारोह में गंगा ने महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र से प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद गणेश वंदना, कर्नाटक शास्त्रीय संगीत और बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया।बॉलीवुड गानों की धुन पर श्रोताओं ने बजाई तालियां गंगा ने ‘गोरी तेरा गांव बड़ा प्यारा’, ‘मेरे ढोलना सुन’ और ‘तू ही रे’ जैसे लोकप्रिय गीतों की धुनें वायलिन पर सुनाईं। इन धुनों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। पैर में चोट और फ्रैक्चर होने के बावजूद उन्होंने करीब तीन घंटे तक बैठकर प्रस्तुति दी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment