पेट्रोल पंप पर कर्मचारी बनकर एक दिन नौकरी की,रात में कलेक्शन के समय गायब

इंदौर।अन्नपूर्णा इलाके के एक पेट्रोल पंप पर कर्मचारी ने एक ही दिन में पंप मालिक को 90 हजार रुपए की चपत लगा दी। वह यहां काम करने आया था। उसे सुबह नौकरी पर ट्रेनिंग देकर रखा गया था। रात में कलेक्शन के रुपए जमा कराने के दौरान वह फरार हो गया। पुलिस ने मामले में शनिवार को एफआईआर कर आरोपी की तलाश शुरू की है।अन्नपूर्णा पुलिस ने महूनाका स्थित उषाराज पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर आशीष चौहान की शिकायत पर विजय सिंह पुत्र विष्णुसिंह, निवासी फतेहपुर सीकरी, के खिलाफ चोरी के मामले में एफआईआर की है। आशीष ने बताया कि 20 जुलाई को विजय सिंह उनके पास काम के लिए आया था। उसने अपना आधार कार्ड दिया। उसे एक दिन की ट्रेनिंग दी गई। इसके बाद 21 जुलाई की सुबह उसे नौकरी पर रखा गया। वह सुबह 11 बजे ड्यूटी पर आया।रात 11 बजे कर्मचारियों की शेड्यूल के हिसाब से ड्यूटी खत्म होने पर काउंटर पर सभी कर्मचारी बेचे गए पेट्रोल के रुपए जमा कर रहे थे। तभी विजय सिंह वहां नहीं था। उसे आसपास काफी ढूंढा गया, लेकिन वह नहीं मिला। उसने जो मोबाइल नंबर लिखाया था, वह भी बंद था।हालांकि, इस मामले में आशीष चौहान ने पुलिस को लिखित आवेदन दिया था। इसके बाद पुलिस ने जांच कर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment