इंदौर। संयोगितागंज थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के भागने का मामला सामने आया है। एमवाय अस्पताल से मेडिकल परीक्षण करवाकर लौटते समय मोटरसाइकिल बंद होने पर आरोपी अनुज मीणा ने प्रधान आरक्षक राजकुमार को धक्का दिया और हथकड़ी समेत अंधेरे में भाग गया। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे रात में ही पकड़ लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ अभिरक्षा से भागने की एक और एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिसकर्मियों को मारी थी टक्कर-संयोगितागंज थाने में दो दिन पहले अनुज मीणा निवासी ग्राम कोलारी, खातेगांव, जिला देवास, हाल मुकाम पंवार जिम के पास, पालदा ने स्कॉर्पियो नशे में चलाते हुए पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी थी। इस मामले में उसे साथी शिवम के साथ पकड़ा गया था। शनिवार को आरक्षक सत्येंद्र सिंह जादौन और प्रधान आरक्षक राजकुमार उसे मेडिकल जांच के लिए एमवाय अस्पताल ले गए थे।
पुलिसकर्मियों को टक्कर मारने वाला मेडिकल के बाद फिर भागा:बाइक बंद होते ही प्रधान आरक्षक को दिया धक्का