सनावद। अवैध रूप से गौवंश का परिवहन करने वालों के खिलाफ सनावद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नया फोरलेन रोड पर एक पिकअप वाहन को रोककर उसमें क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे3 गौवंश को मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी अंकुश चौहान (23), निवासी छत्रपति संभाजीनगर, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारीधर्मेन्द्र यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंश को अवैध रूप से भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नया फोरलेन रोड पर घेराबंदी कर पिकअप क्रमांक MH46BF2716 को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में 3 गौवंश बेहद अमानवीय और क्रूरतापूर्वक तरीके से भरे हुए मिले।पुलिस ने वाहन चालक से गौवंश के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गौवंश को वाहन से बाहर निकालकर सुरक्षित कराया और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के मुताबिक, जब्त वाहन और गौवंश की कुल कीमत करीब 5.05 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई एसडीओपी अर्चना रावत के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी धर्मेन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस अब मामले में आरोपी से पूछताछ कर गौवंश परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे थे 3 गौवंश, पुलिस ने पकड़ा