ब्रह्मास्त्र इंदौर
मध्य प्रदेश के इंदौर पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की सुपारी देकर हत्या करवा दी। वारदात में 5 लोग शामिल थे। पुलिस ने पत्नी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी फरार है। मामला राऊ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान नवीन पाटीदार के रूप में हुई। 12 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे उसकी गोली मारकर हत्या की गई। वह राऊ इलाके में रहता था। वारदात के समय शराब पीने के लिए बाहर गया था। इसी दौरान साजिश के तहत हमलावरों ने उसे निशाना बनाया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले नवीन की गतिविधियों पर नजर रखी। वारदात के दौरान आरोपी श्रीराम ने उसके सिर के पीछे सटाकर गोली मारी। गोली लगते ही नवीन घायल होकर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गोली गर्दन में धंस गई थी।
देशी पिस्टल से हत्या, 70 हजार में दी गई सुपारी- पुलिस के अनुसार, हत्या में देशी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया, जिसे बरामद किया गया। शुरूआती जांच में सामने आया कि हत्या की सुपारी करीब 70 हजार रुपए में दी गई थी। इस लेन-देन की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
पत्नी और प्रेमी ने रची साजिश- जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी भारती पाटीदार और उसका प्रेमी राहुल उईके हत्याकांड के मुख्य सूत्रधार थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। उन्होंने मिलकर नवीन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। राहुल उईके पहले भी एक हत्या के मामले में शामिल रहा था। जमानत पर बाहर आया था।