खरगोन। जिले के ग्राम पानवा में महिला से पता पूछने के बहाने बातों में उलझाकर सोने की चैन और पांचाली झपटने वाले आरोपी पुलिस के हत्थे चढे है। पुलिस ने इस मामले में दो झपटमारों के साथ चोरी के आभूषण खरीदने वाले को भी गिरफ्तार कर इनके कब्जे से झपटी गई चैन और पांचाली बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल की गई बाईक भी जब्त की है।खलटांका पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 22 अगस्त को पानवा निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, दोपहर में दो बाईक सवार उनके घर के सामने आए। बाईक रोककर किसी अनजान का नाम, पता पूछने लगे, बातचीत में उलझाकर एक लड़के ने गले में पहनी सोने की चैन और पांचाली झपट ली और दूसरा बाईक पर सवार था। कुछ ही पल में दोनो बाईक दौड़ाकर भाग निकले। पुलिस ने घटना स्थल व आने-जाने वाले सभी संभावित रास्तों के फुटेज चैक किये। फुटेज के आधार पर संदेही मोहित पिता शिवनारायण कुमावत निवासी ग्राम चैनपुरा ठीकरी जिला बड़वानी एवं 15 वर्षीय बालक को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में झपटी गई चैन अंजड़ के रहने वाले चंद्रशेखर को बेचना बताया। पुलिस ने चंद्रशेखर पिता त्रिलोक चंद्र कुमावत को गिरफ्तार कर चैन व पांचाली जब्त की।
पता पूछने के बहाने महिला के गले से झपटी थी चैन, तीन गिरफ्तार