उज्जैन।: शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चौड़े किए गए प्रमुख मार्गों पर अब किसी भी प्रकार का अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोमवार को निगम गैंग ने ऐसे ही एक अतिक्रमण को तौडा है । इसके साथ ही संबंधित से 5 हजार का जुर्माना भी वसूला गया है।निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने सोमवार प्रातः शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान ढाबा रोड स्थित मावा बाजार क्षेत्र में नाली के ऊपर ब्लॉक लगाकर किए गए अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण पाया गया।निगम की रिमूवल गैंग द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया गया तथा संबंधित के विरुद्ध 5,000 हजार का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास, भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता एवं नगर निगम की रिमूवल गैंग द्वारा की गई।
चौडीकरण मार्गों पर निरीक्षण करें- आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौड़ीकरण वाले सभी मार्गों पर नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। नाली, फुटपाथ अथवा सड़क के हिस्से पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल हटाने की कार्रवाई करते हुए नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाए। चौड़ीकरण के बाद मार्गों को पुनः अतिक्रमण मुक्त रखना नगर निगम की प्राथमिकता है, ताकि यातायात सुचारु रहे और नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो साथ ही दुकानदारों को भी स्पष्ट निर्देशित किया कि दुकानों के बाहर तक अतिक्रमण न करें अन्यथा जपती के साथ-साथ प्रभावी चालानी कार्यवाही भी की जाएगी।