नागदा । नागदा-खाचरौद क्षेत्र में आगामी ग्रीष्मकाल के दौरान निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। क्षेत्र की लगभग 2 से 2.5 लाख आबादी की रोजमर्रा की जल आवश्यकताओं के साथ औद्योगिक इकाइयों के संचालन की निर्भरता भी प्रमुख जल स्रोत नायन डेम पर ही है। वर्तमान में नायन बांध क्रमांक 1 और 2 में कुल मिलाकर लगभग 235 एमसीएफटी पानी शेष है, जबकि इनसे प्रतिदिन करीब 5 एमसीएफटी पानी की निकासी हो रही है। इस स्थिति में उपलब्ध जल भंडार का विवेकपूर्ण उपयोग और आगामी जरूरतों के अनुरूप प्रभावी जल प्रबंधन जरूरी हो गया है।प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नायन बांध क्रमांक 1 में 187.57 एमसीएफटी तथा नायन बांध क्रमांक 2 में 48.87 एमसीएफटी पानी उपलब्ध है। दोनों बांधों का संयुक्त जल भंडारण 236.44 एमसीएफटी है। नायन बांध 1 से संचालित पांच पंपिंग स्टेशनों के माध्यम से नागदा, खाचरौद, रेलवे, जल निगम तथा औद्योगिक इकाइयों को पानी की आपूर्ति की जाती है। इस व्यवस्था से प्रतिदिन लगभग 2 से 2.5 लाख लोगों की घरेलू जल जरूरतें पूरी होने के साथ उद्योगों के संचालन के लिए भी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
वर्तमान में नायन बांध से प्रतिदिन लगभग 5 एमसीएफटी पानी की निकासी हो रही है। जल आपूर्ति का अन्य वैकल्पिक उपाय नहीं होने पर निकासी की यही दर बनी रहती है तो नायन बांध क्रमांक 1 और 2 में उपलब्ध संयुक्त जल भंडार लगभग 47 दिनों के लिए ही पर्याप्त होगा। यह अनुमान मौजूदा भंडार और निकासी पर आधारित है। ऐसे में भविष्य की जलापूर्ति को लेकर अभी से ठोस कार्ययोजना तैयार करना अति आवश्यक है।
स्थिति को और महत्वपूर्ण बनाने वाला तथ्य यह है कि पिपलोदा और अमलावदा बीका बांध के गेट बंद होने से फिलहाल इन जलाशयों से पानी की आवक नहीं हो रही है। अमलावदा बीका बांध का गेट 13 अक्टूबर तथा पिपलोदा बांध का गेट 11 नवंबर 2026 से बंद है। अधिकृत जानकारी अनुसार अमलावदा बीका बांध में 82.01 एमसीएफटी तथा पिपलोदा बांध में 67.17 एमसीएफटी पानी मौजूद है, लेकिन गेट बंद होने के कारण यह पानी वर्तमान में आपूर्ति व्यवस्था के लिए उपलब्ध नहीं है।
अन्य जल स्रोतों में जलवाल जलाशय में लगभग 75 एमसीएफटी और टकरावदा जलाशय में 55 एमसीएफटी पानी उपलब्ध बताया गया है। इसके अतिरिक्त टूमनी तालाब और गोधाघाट भी क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थानीय जल स्रोत हैं। हालांकि, इन सभी स्रोतों की उपयोग योग्य क्षमता, जल गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था का तकनीकी परीक्षण कर ही इनके वास्तविक उपयोग की संभावनाएं निर्धारित की जा सकती हैं।
नागदा की औद्योगिक खपत और बड़ी आबादी की दैनिक जल आपूर्ति को देखते हुए पेयजल तथा उद्योगों की जरूरतों के बीच संतुलन बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासन को नायन बांध के जल भंडार, प्रतिदिन की निकासी और आगामी मांग की नियमित समीक्षा करते हुए पेयजल के लिए पर्याप्त मात्रा सुरक्षित रखने की वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही सिंचाई के लिए पानी की निकासी और अन्य उपयोगों का भी समुचित नियोजन जरूरी है।