नागदा के लैक्सेस उद्योग में 18 दिन में दुसरा हादसा कार्बनिक रसायन क्षेत्र में आग लगी, बाहर तक नजर आईं लपटें 30 मई को बूम लिफ्ट गिरने पर दो मजदूर घायल हुए थे, जांच के बाद उद्योग समूह को नोटिस

उज्जैन। नागदा में संचालित बहुराष्ट्रीय कंपनी के लैक्सेस उद्योग में बुधवार रात आग लग गई। आग की चपेट में उद्योग का एफएफ और एचसीएल प्लांट आ गया। जिससे आग की लपटें बाहर तक आ गई। आग लगने के कारण उद्योग की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई और परिसर में अंधेरा छा गया। उद्योग प्रबंधन ने अपने बयान में आग लगने की घटना की पुष्टि करते हुए नियंत्रण की बात कही है साथ ही घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने की भी जानकारी दी है। पिछले 18 दिनों में उद्योग में यह दुसरा हादसा हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उद्योग में पहुचे थे। आग लगने की घटना के कारण से उद्योग का उत्पादन भी प्रभावित हुआ। उद्योग में कार्बनिक रसायनों का उत्पादन किया जाता है। पिछले 18 दिनों में उद्योग में यह दूसरी घटना है। इसके पहले 30 मई को बूम लिफ्टर ब्रेक होने की दुर्घटना में 2 श्रमिक घायल हो गए थे।

आग लगने पर बिजली गुल,दमकलों ने पाया काबू-

उद्योग के बेजाइन डाइड के एचसीएल टैंक में आगजनी हुई, जो कुछ देर में ही बढ़ गई और उद्योग की बिजली भी गुल हो गई। मौके पर लैक्सेस सहित आसपास की दमकल पहुंची और एक घण्टे में आग पर काबू पाया। दुर्घटना में कोई जनहानि की सूचना नहीं है। आग की लपटें बाहर तक नजर आने से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया, क्योंकि यहां विभिन्न केमिकल का उत्पादन होता है। बिरला ग्राम प्रभारी थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटीदार के अनुसार उद्योग प्रबंधन ने सूचना दी थी उस पर घटना स्थल पर पहुंचे थे। कोई जनहानि नहीं हुई है।

19 दिन पूर्व गिरी थी लिफ्ट,दो घायल-

उद्योग में 18 दिन पहले 30 मई को बूम लिफ्ट पर चढ़कर काम कर रहे श्रमिक ओमकार व भंवरसिंह लिफ्ट टूटने के कारण घायल हो गए थे। इसमें ओमकार की हालत गंभीर होने से इंदौर बांबे अस्पताल में भर्ती किया गया था। हेल्थ एवं सेफ्टी विभाग के हिमान्शु सोलोमन ने जांच के बाद उद्योग के जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस भी दिया है। दुर्घटना में घायल हुए दो श्रमिकों के मामले में जांच के बाद हेल्थ एंड सेफ्टी विभाग द्वारा उद्योग के डायरेक्टर व यूनिट हेड को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा गया है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने की बात कही गई है।औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने उद्योग के डायरेक्टर बलराम कौद खोट व यूनिट हेड सुनील गुलाटी को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।

आग लगने के बाद जांच की स्थिति नहीं मिली-

आग लगने के घटनाक्रम को लेकर औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के निरीक्षक हिमांशु सोलोमन का कहना था कि स्थल पर पहुंचा था लेकिन जांच की स्थिति नहीं थी। वहां पूरे स्थान पर पानी फैला हुआ था और पूरी तरह से अंधेरा था।केमिकल रिसाव की स्थिति ऐसे में देख पाना संभव नहीं था। 30 मई को हुए बूम लिफ्टर के मामले में जांच के बाद 10 दिन पहले नोटिस दिया गया है। दो कर्मचारी इसमें घायल हुए थे।

उद्योग समूह ने जारी किया बयान-

आग लगने की घटना को लेकर लेक्सेस इंडिया प्रायवेट लिमिटेड नागदा उद्योग समूह के युनिट मेन्यूफेक्चरिंग हेड सुनील कुमार गुलाटी ने बयान जारी कर बताया है कि हम पुष्टि करते हैं कि आज रात्रि लगभग 9:25 बजे हमारे नागदा विनिर्माण संयंत्र के प्लांट क्षेत्र में आग लगने की एक घटना हुई। आपातकालीन प्रतिक्रिया योजनाओं को तत्काल सक्रिय किया गया तथा उत्पादन गतिविधियों को सुरक्षित रूप से बंद किया गया। हमारी प्रशिक्षित अग्निशमन एवं बचाव टीम ने स्थानीय आपातकालीन सेवाओं एवं आसपास के उद्योगों के सहयोग से स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की। आग को नियंत्रित कर लिया गया और रात्रि 9:50 बजे तक उस पर पूर्णतः काबू पा लिया गया। प्रभावित क्षेत्र को भी सुरक्षित स्थिति में ला दिया गया है। स्थल पर मौजूद सभी कर्मचारी, अधिकारियों सहित आपातकालीन प्रतिक्रिया दल के सदस्य पूर्णतः सुरक्षित हैं। इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। हमारे कर्मचारियों, संविदाकर्मियों, आसपास के समुदायों एवं आपातकालीन सेवाकर्मियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।एहतियाती उपाय के रूप में संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है तथा हम उनके साथ पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। घटना के मूल कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निवारक उपाय लागू किए जाएंगे। स्थानीय पुलिस दल ने तत्काल घटनास्थल का दौरा किया और उन्हें स्थिति के पूर्णतः नियंत्रण में होने की जानकारी दे दी गई है। हम समझते हैं कि इस घटना से चिंता उत्पन्न हो सकती है और जैसे-जैसे अधिक सत्यापित जानकारी उपलब्ध होगी, हम आगे भी समय-समय पर अद्यतन जानकारी साझा करते रहेंगे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment