नलवा-चंदूखेड़ी के बीच आयशर-टैंकर में भिड़ंत -चालक को निकालने के लिये बुलाई जेसीबी, कुछ देर बाद हुई मौत

उज्जैन। बड़नगर मार्ग पर ग्राम नलवा-चंदूखेड़ी के बीच मंगलवार दोपहर आयशर और पानी के टैंकर में भिडंत हो गई। आयशर चालक को निकालने के लिये जेसीबी बुलाई गई। चेन बांधकर क्षतिग्रस्त हिस्से का खींचा गया और चालक को बाहर निकाला। लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई।
चिंतामण थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि दोपहर में ग्राम नलवा-चंदूखेड़ी से गुजर रहे देवास-बदनावर हाइवे पर किनारे पर लगे पौधों में टैंकर के माध्यम से पानी दिया जा रहा था। उसी दौरान तेजगति से आ रही आयशर टैंकर के पिछले हिस्से से टकरा गई, हादसा काफी भीषण था। टैंकर पलटी खा गया और आयशर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिसमें चालक फंस गया था। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गंभीर घायल हो चुके चालक को बाहर निकालने के लिये जेसीबी बुलाई गई और उसमें लोहे की चेन बांधकर क्षतिग्रस्त हिस्से को खींचा गया। ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकाला, उसके दोनों पैर पूरी तरह से टूट चुके थे। हालत गंभीर होने पर चरक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां नाजुक स्थिति में एम्बुलेंस से इंदौर रैफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार चालक लेकर पहुंचा था चरक अस्पताल
बड़नगर का रहने वाला अर्पित नागर दुर्घटनास्थल से गुजर रहा था। उसने घटनाक्रम देखा तो रूक गया। आयशर चालक को बाहर निकालने के बाद एम्बुलेंस को कॉल किया गया। लेकिन 1 घंटे तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची। अर्पित नागर अपनी कार से घायल को चरक अस्पताल लेकर पहुंचा। अर्पित के अनुसार घायल चालक का नाम विवेक यादव निवासी जौनपुर प्रयागराज सामने आया था।  उसके परिजनों को सूचना दी गई है। वहीं थाना प्रभारी हेमराज यादव का कहना था कि आयशर नम्बर से मालिक का पता लगाकर सूचना दी गई है। बुधवार सुबह उनके उज्जैन पहुंचने पर चालक के संबंध में पूरी जानकारी सामने आ पायेगी।
कटनी से राणापुर जा रही थी आयशर
बताया जा रहा है कि चालक कटनी से आयशर में चावल भरकर अलीराजपुर के राणापुर के लिये निकाला था। हाइवे से गुजरते समय रफ्तार तेज होने पर पानी के टैंकर में पीछे से टकरा गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिये हाइवे पर यातायात प्रभावित हो गया था। चालक को बाहर निकालने के बाद दोनों वाहनों को मार्ग से हटाकर यातायात का शुरू किया गया।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment