नकली सोना थमाकर चांदी के असली आभूषण ठगे -युवक पर केस दर्जकर पुलिस ने शुरू की तलाश

उज्जैन। किसान को बातों में उलझाकर एक युवक ने नकली सोने का हार और मोती थमाकर चांदी के असली आभूषण ठग लिये। किसान को नकली सोना  होने का पता चला तो पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। मामले में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की गई है।
नागदा थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम चंदोडिया में रहने वाले किसान किशनसिंह गुर्जर का मोबाइल पर एक युवक से संपर्क हुआ था। युवक ने राजस्थान चित्तौड़गढ़ में काम के दौरान खुदाई में एक किलो सोने के मोती और हार मिलना बताया। उसने खुद का नाम राहुल प्रजापत निवासी उत्तरप्रदेश बताया। उसके द्वारा खुदाई में मिला सोना बेचने पर कुछ राशि देने की बात भी कहीं। किसान उसकी बातों में आ गया और खाचरौद से नागदा सगस महाराज के मंदिर मिलने पहुंच गया। पहले उसे 2 मोती दिये गये, किसान ने उसे सुनार को दिखाये, जो असली सोने के थे। भरोसा कर उसने सोने के मोती और हार देने के लिये कहा और बेचने की बात कहीं। लेकिन राहुल नामक युवक ने कहा कि इतना सोना देकर तुम पर कैसे विश्वास करूं। मेरी मां को बदलने में कुछ देना होगा। किसान ने अपने घर से 3 किलो से अधिक चांदी के आभूषण लाकर राहुल को दिये और 1 किलो वजन का सोना ले लिया। जिसे बेचने सुनार के पास पहुंचा तो पता चला कि मोती नकली है। किसान के साथ धोखाधड़ी 20 सितंबर को हुई थी। उसने मामले में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के बाद अज्ञात मोबाइल धारक युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की गई है। गौरतलब हो कि पूर्व में जिले में शातिर बदमाशों द्वारा खुदाई में सोना मिलने का झांसा देकर लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा चुकी है। कुछ माह पहले माधवनगर थाना पुलिस भोजनालय चलाने वाली एक महिला के साथ हुई इसी तरह की धोखाधड़ी में झाबुआ के दंपत्ति को गिरफ्तार किया था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment