उज्जैन/ दो साल बाद वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ (कुंभ) मेला को लेकर राज्य सरकार जल्द ही उज्जैन में सिंहस्थ मेला कार्यालय स्थापित करने जा रही है। यह स्थाई सिंहस्थ कार्यालय होगा, जो हर 12 साल में होने वाले सिंहस्थ मेले के साथ ही हर 6 साल के अंतराल पर होने वाले अर्धकुंभ मेले की तैयारियों से जुडे कामकाज का प्रबंधन करेगा। कार्यालय के लिए बाकी औपचारिकताएं हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में इस कार्यालय की स्थापना का प्रस्ताव लाया जाएगा। यह बैठक मंगलवार को सुबह 11 बजे से मंत्रालय में होगी। इसी बैठक में प्रदेश के 24 लाख से अधिक किसानों के लिए राज्य सरकार शून्य प्रतिशत पर कृषि ब्याज देने वाली योजना को आगे भी जारी रखने का प्रस्ताव लाएगी।
गौरतलब है कि प्रदेश में लगभग 1 करोड़ किसान हैं, इनमें से 24 लाख किसान राज्य की सहकारी बैंकों के खाताधारक हैं और राज्य की शून्य प्रतिशत पर किसान क्रेडिट कार्ड पर लोन लेते हैं। एक वर्ष के भीतर कर्ज चुकाने पर उन्हें कोई ब्याज नहीं देना होता है। इस ब्याज की भरपाई राज्य सरकार अपने खजाने से करती है। इसके अलावा करीब 10 अन्य प्रस्तावों को कैबिनेट में रखा जाएगा।