देवास रोड स्थित तरणताल सुबह 6 से रात 10 बजे तक खुला रहेगा, अलग-अलग शिफ्ट व शुल्क तय महिला, पुरुष और परिवार के लिए अलग समय स्लॉट..नगर निगम ने सुविधाओं और नियमों के साथ शुरू किया संचालन

उज्जैन। देवास रोड स्थित अंतरराष्ट्रीय स्तर का आधुनिक स्विमिंग पूल (तरणताल) शहर के तैराक प्रेमियों के लिए शुरू कर दिया गया है। नगर निगम द्वारा तैराकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग शिफ्ट एवं शुल्क का निर्धारण किया गया है।
निगम के अनुसार, 18 वर्ष से अधिक आयु के वयस्कों के लिए मासिक शुल्क 2000 रुपए और साप्ताहिक शुल्क 600 रुपए निर्धारित किया गया है, वहीं 3 से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए मासिक शुल्क 1500 रुपए एवं साप्ताहिक शुल्क 400 रुपए रखा गया है। तरणताल का संचालन नगर निगम के अधीन रहेगा और निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर प्रभारी अधिकारी के रूप में जितेंद्र पाल सिंह जादौन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तरणताल का संचालन प्रत्येक सोमवार को बंद रहेगा। हर शिफ्ट 1 घंटे की होगी, जिसमें 45 मिनट तैराकी के लिए निर्धारित रहेंगे। संचालन समय प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक रहेगा।
समय सारणी (शिफ्ट अनुसार)
प्रथम शिफ्ट में सुबह 6:00 से 7:00 बजे तक तैराकों के लिए, 7:00 से 8:00 बजे तक महिलाओं के लिए, 8:00 से 9:00 बजे तक परिवार के लिए और 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक पुरुषों के लिए समय आरक्षित किया गया है। द्वितीय शिफ्ट में दोपहर 3:00 से शाम 7:00 बजे तक पुरुषों के लिए, 7:00 से 8:00 बजे तक महिलाओं के लिए, 8:00 से 9:00 बजे तक परिवार के लिए तथा 9:00 से 10:00 बजे तक तैराकों के लिए समय निर्धारित किया गया है।
नियम व आवश्यक निर्देश..
तरणताल में सभी के लिए स्विमिंग कॉस्ट्यूम अनिवार्य होगा। पुरुषों को नायलॉन शॉर्ट और महिलाओं को स्विमसूट पहनना जरूरी है। तैराकी के दौरान मेटल के आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा। परिसर में स्वच्छता बनाए रखना अनिवार्य होगा और बाहर से खाद्य पदार्थ लाना व पालतू जानवर लाना प्रतिबंधित है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment