उज्जैन। दीपावली के त्योहार को लेकर शहर के ऐतिहासिक लखेरवाड़ी सोना-चांदी बाजार में रौनक देखने को मिल रही है। बाजार में ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है और जमकर सोने-चांदी की खरीदी की जा रही है। धनतेरस का पर्व शुक्रवार को और दीपावली रविवार को मनाई जाएगी। इन शुभ अवसरों पर उज्जैन जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए लखेरवाड़ी बाजार पहुंचते हैं। इसे देखते हुए व्यापारियों ने ग्राहकों के स्वागत और सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। श्री लखेरवाड़ी सोना-चांदी व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश पायलवाला एवं कोषाध्यक्ष राजेश सोनी ने बताया कि लखेरवाड़ी बाजार उज्जैन का ऐतिहासिक और प्राचीन बाजार है, जो डेढ़ सौ साल से भी अधिक पुराना है। यहां सोने-चांदी की 200 से अधिक दुकानें संचालित हैं, जिनमें कई दुकानें वर्षों पुरानी हैं।
दीपावली को लेकर लखेरवाड़ी बाजार में रौनक, ग्राहकों की उमड़ी भीड़