ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली/भोपाल
दिल्ली में रविवार सुबह आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई। मिंटो रोड, मोती बाग और दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 की सड़कों पर पानी भरने से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है।
इसके चलते 100 से ज्यादा फ्लाइट प्रभावित हुई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट ने बताया कि रात 11:30 बजे से सुबह 4 बजे तक 49 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं। अब हालात सामान्य हैं। मानसून कल देश में दस्तक दे चुका है। यह केरल में अपने तय समय से 8 दिन पहले पहुंचा है। वहीं, आज से नौतपा की भी शुरूआत हो रही है, जो 2 जून तक रहेगा। इस दौरान भीषण गर्मी होती है। मौसम विभाग ने आज देश के 21 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तराखंड में ओले गिरने और राजस्थान में धूल भरी आंधी-हीटवेव की चेतावनी दी है। हिमाचल में बीती शाम बादल फटा हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में शनिवार शाम को बादल फटने के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई। इससे 25 से ज्यादा वाहनों को नुकसान पहुंचा है। पहाड़ों से गिर रहे मलबे की वजह से हिंदुस्तान-तिब्बत रोड और नेशनल हाइवे-5 बंद हो गया।
