उज्जैन। किसान के मकान का दिनदहाड़े दरवाजा तोड़कर हुई 12 लाख रूपये की चोरी के मामले में 7 दिन बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया। अब बदमाशों की तलाश शुरू की गई है।
राघवी थाना क्षेत्र के महुडीपुरा में रहने वाला दिलीप पिता मदनलाल शर्मा खेती किसानी का काम करता है। 26 अप्रैल को उसके पुत्र महेश और पुत्री मनीषा का सामूहिक सम्मेलन में विवाह था। परिवार सुबह ग्राम पलदूना सम्मेलन में गया था। शाम 6 बजे वापस लौटा तो मकान का दरवाजा टूटा हुआ था। घर में रखी पेटी खुली हुई थी। जिसमें रखे 12 लाख रूपये नगद गायब थे। मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने जांच के बाद 4 मई की देर शाम अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि किसान दिलीप शर्मा ने बच्चों की शादी के लिये अपनी 2 बीघा जमीन का सौदा 6.67 लाख में किया था। शेष रूपये 5.33 लाख परिचित से उधार लिये थे। कुल 12 लाख उसने घर में रखे थे। जिसे बदमाश चुराकर ले गये है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात करने वालों को घर में रूपये रखने होने की जानकारी थी। दरवाजा तोड़ने के बाद पेटी में रखे रूपये ही चोरी किये गये है।
इधर बाइक सवारों का नहीं मिला सुराग
नीलगंगा थाना क्षेत्र के सार्थक नगर में विजय जैन के मकान में 2 मई को लाखों की चोरी होना सामने आया था। मामले में पुलिस ने जांच शुरू की थी। इस दौरान रात में बाइक पर सवार 2 बदमाश दिखाई दिये थे। बाइक चल रहे बदमाश ने चेहरे पर रूमाल का नकाब बांध रखा था। पीछे बैठे बदमाश ने हेलमेट लगाया था। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों की तलाश कर रही है। मंगलवार शाम तक दोनों का सुराग नहीं मिल पाया था।
चोरी की वारदातों का बढ़ा ग्राफ
शादी समारोह के सीजन में चोरी की वारदातों का ग्राफ बढ़ गया है। बदमाश सूने मकानों का निशाना बना रहे है। पिछले कुछ दिनों में नीलगंगा थाना क्षेत्र के सार्थकनगर, सुभाषनगर, तिरूपति डायमंड कालोनी में चोरी की बड़ी वारदात हो चुकी है। बदमाशों ने मक्सीरोड स्थित भाजपा महिला पार्षद के मकान का भी ताला तोड़कर आभूषण चोरी किये थे। सभी वारदातों में फुटेज सामने आने पर पुलिस अब तक बदमाशों का पता नहीं लगा पाई है।
दिनदहाड़े दरवाजा तोड़कर बदमाशों ने चुराये 12 लाख रूपये -किसान के घर चोरी का 7 दिन बाद दर्ज किया मामला