उज्जैन। मोबाइल गुम होने की लिखित शिकायत पुलिस के पास पहुंचने पर तकनीकी साक्ष्यों (सीईआईआर) के माध्यम से खोज निकालने का अभियान पुलिस द्वारा लगातार चलाया जा रहा है। अभियान में भाटपचलाना थाना पुलिस ने 4 लाख कीमत के 13 मोबाइल और एक लेपटॉप खोज निकाला। भाटपचलाना थाना प्रभारी सत्येन्द्रसिंह चौधरी ने बताया कि खोजे गये मोबाइल और लेपटॉप सोमवार को संबंधित शिकायत करने वालों को वापस लौटाये गये है। मोबाइल मिलने पर उनके चेहरों पर मुस्कान आ गई थी। लोगों का कहना था कि उन्हे यकीन नहीं था कि पुलिस गुम मोबाइल वापस लौटा पायेगी। लेपटॉप धारक का कहना था कि वह रूनिजा स्टेशन पर जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने का प्रयास करते समय लेपटॉप भूल गया था। जिसमें काफी डाटा सेव था। पुलिस ने कुछ दिनों में खोज निकाला। थाना प्रभारी के अनुसार मोबाइल-लेपटॉप की तलाश करने में प्रधान आरक्षक शैलेन्द्रसिंह सिसौदिया, आरक्षक विजय जाट, मुकेश नागर, हितेश निम्बोला, सुनील चोधरी, उदय यादव का सहयोग रहा। विदित हो कि पिछले पांच माह में जिला पुलिस द्वारा सैकड़ों की संख्या में लाखों रूपये कीमत के मोबाइल खोज लोगों को लौटा दिये है।
राजीव रत्न मल्टी कालोनी में रविवार रात विजय पिता ओमप्रकाश 32 साल को पडोस में रहने वाले जीवन और उसके पुत्र अजय ने मिलकर चाकू मार दिये। मल्टी के लोगों की मदद से विजय का अस्पताल पहुंचाया गया। घायल विजय ने बताया कि वह सब्जी का ठेला लगाकर जीवन यापन कर रहा है। माता-पिता का निधन हो चुका है। जीवन और उसका पुत्र काफी दिनों से मकान खाली करने का दबाव बना रहे है। वह मकान पर कब्जा करने की फिराक में है। रात में भी इसी बात पर विवाद हुआ था। मामले में नीलगंगा थाना पुलिस का कहना था कि अस्पताल की ओर से घायल के साथ मारपीट होने की सूचना प्राप्त हुई है। बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की जायेगी।
तकनीकी साक्ष्यों से खोज निकाले गुम हुये 13 मोबाइल, युवक पर चाकू से हमला