उज्जैन। नागदा के ग्राम झिरन्या में स्वागत चल समारोह के बीच बंदूकों से हवाई फायर होने का वीडियो समाने आने पर पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज किया। 2 को हिरासत में ले लिया गया है, 1 की तलाश जारी है। वीडियो 20 दिन पुराना होना बताया गया है।
बिरलाग्राम थाना प्रभारी एसआई जितेन्द्र पाटीदार ने बताया कि 3 सितंबर को भ्रमण के दौरान ग्राम झिरन्या में मुखबीर द्वारा एक वीडियो दिखाया गया। जिसमें 3 लोग बंदूकों से भीड़ के बीच हवा में हर्ष फायर करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो पर संज्ञान लिया गया और जांच शुरू की गई। पता चला कि 20 दिन पहले ग्राम झिरन्या में एक परिवार के यहां दुबई से शेख आये थे, जिनके स्वागत में चल समारोह निकाला गया था, वीडियो उसी का है, जिसमें हर्ष फायर हो रहा है। पुलिस ने हवा में फायर करने वालों की जानकारी जुटाई एक मास्क लगाकर फायर कर रहा था। जिसका नाम इरफान पिता रफीक मंसूरी निवासी समतानगर रतलाम सामने आया। दूसरे की पुष्टि असलम पिता साजुउद्दीन खान निवासी गंधवानी धार के रूप में हुई। दोनों की गिरफ्तारी के लिये टीम गठित की गई और बुधवार को हिरासत में ले लिया गया। हवाई फायर करने वाले तीसरे व्यक्ति की जानकारी जुटाई जा रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जायेगा। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 (9) का मामला दर्ज किया गया है। इस बात का पता भी लगाया जा रहा है कि दुबई से शेख किस मुस्लिम परिवार के यहां आया था और स्वागत चल समारोह किसने निकाला था। हवाई फायर में प्रयुक्त एक बंदूक इरफान से बरामद कर ली गई है। दो अन्य आरोपियों से भी बंदूक बरामद की जायेगी।
झिरन्या में चल समारोह के बीच बंदूकों से हर्ष फायर -वीडियो सामने आने पर 2 हिरासत में, 1 की तलाश