उज्जैन। शहर के अंदर विकास को लेकर भले ही बड़े-बड़े काम किये जा रहे हैं लेकिन छोटे व महत्वपूर्ण कामों पर ध्यान देने को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है। इस कारण लोग कभी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं और उनकी जान जोखिम में आ सकती है। वर्तमान में शहर की कई सड़के खुदी पड़ी है इस कारण वाहन चालक सहित पैदल चलने वाले राहगीरों को भी इन उबडखाबड रास्तों से निकलना किसी मुसीबत से कम नहीं है। इसी तरह की स्थिति पिछले एक हफ्ते से कोठी रोड पर संभाग आयुक्त के बंगले के समीप व जिला पंचायत की तरफ जाने वाले मार्ग की सड़क पर देखने को मिल रही है। यहां सड़क पर एक गड्ढा खोदा गया है गड्ढे से निकलने वाली मिट्टी का डेर भी सड़क पर लगा है। ऐसे में यहां से निकलते समय वाहन चालक किसी भी दिन इस गड्ढे में गिरकर घायल हो सकते हैं। बताया जाता है कि पाइपलाइन सुधारने के लिए सड़क के किनारे यह गड्ढा खोदा गया था लेकिन काम पूरा होने के बाद इस गड्ढे का ना तो भराव किया गया ना ही समतल कर मरम्मत की गई है। गड्ढा पहले की स्थिति में है और उसका मलबा भी सड़क पर बिखरा हुआ है। इसी तरह फ्रीगंज पुल से चामुंडा माता चौराहे की तरफ जाने वाले मार्ग पर इंदौर टेक्सटाइल के समीप भी एक चेंबर का ढक्कन कई दिनों से टूटा पड़ा है। जिसे ढकने के लिए बड़ा पत्थर डाल रखा है। इससे यह चैंबर वाहन चालकों के लिए और घातक हो गया है किसी भी दिन सड़क पर मौजूद टूटे पड़े चेंबर के इस ढक्कन में वाहन चालक फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। लेकिन इस और कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस कारण यहां से निकलने वाले वाहन चालकों की जान जोखिम में है। कभी भी वाहन चालक इस गड्ढे में गिरकर हादसे का शिकार हो सकते हैं। रात के अंधेरे में यहां से निकलना वाहन चालकों के लिए और ज्यादा घातक साबित हो सकता है।
न बैरिकेट्स लगाकर सुरक्षित किया
आगामी सिंहस्थ को लेकर शहर में कई बड़े निर्माण कार्य किये जा रहे हैं। चौड़ीकरण के साथ ही कई चौक चौराहों को भी संवारा जा रहा है। कलेक्टर कमिश्नर सहित अन्य अधिकारी निर्माण कार्यों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। जहां पर सड़क चौड़ीकरण व सीवरेज लाइन बिछाने के लिए गड्ढे खोदे गए हैं उन्हें बैरिकेट्स लगाकर सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन उसके बाद भी कई जगह लापरवाही बरती जा रही है। जिसका खामियाजा शहर के लोगों को उठाना पड़ रहा है। इसी तरह पिछले कई दिनों से कोठी रोड पर जिला पंचायत की तरफ जाने वाले मार्ग पर एक गड्ढा कई दिनों से खुदा पड़ा है। इसके आसपास ना तो कोई बैरिकेट्स लगाकर इसे सुरक्षित किया गया है।