उज्जैन। चिंतामन मंदिर में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर परिसर में फर्श पर कारपेट नहीं बिछाए जाने के कारण टाइल्स अत्यधिक गर्म हो गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं के पैर जल रहे हैं।
इन दिनों मंदिर में बड़ी संख्या में विवाह समारोह आयोजित हो रहे हैं। शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से लोग यहां विवाह संपन्न कराने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे मंदिर में सुबह से शाम तक भीड़ बनी रहती है। बावजूद इसके, मंदिर प्रशासन द्वारा मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है।
मंदिर के प्रवेश द्वार से लेकर अंदर तक टाइल्स हैं, जो तेज धूप के कारण तपने लगी हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को गर्म फर्श पर चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। कई लोग जलन से बचने के लिए तेजी से दौड़कर मार्ग पार करते नजर आते हैं,
सांवेर क्षेत्र के ग्राम किठोदा से आए एक परिवार ने बताया कि वे अपने परिजन की शादी में शामिल होने मंदिर पहुंचे थे। सुबह से ही तेज धूप के कारण मंदिर परिसर की टाइल्स गर्म हो चुकी थीं, जिससे चलना मुश्किल हो गया। उन्होंने बताया कि न तो कारपेट बिछाया गया है और न ही धूप से बचाव के लिए पर्याप्त छाया की व्यवस्था है।
मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं और बेहतर होनी चाहिए थीं। खासतौर पर गर्मी के मौसम में कारपेट बिछाने, छायादार स्थान बनाने और पेयजल जैसी सुविधाओं की आवश्यकता है, ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने मंदिर प्रशासन से जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार करने की मांग की है। उनका कहना है कि कारपेट बिछाने और धूप से बचाव के उपाय करने से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिल सकती है। फिलहाल, व्यवस्थाओं के अभाव में लोगों को परेशानी के बीच ही दर्शन करने पड़ रहे हैं।