कृषि सहकारी संस्था निपानिया गोयल में 4.67 करोड का गबन -आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ दर्ज की शिकायत, मामले के 3 आरोपियों की मौत

उज्जैन। ईओडब्ल्यू द्वारा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा घट्टिया एवं प्राथमिक कृषि सहकारी साख संस्था निपानिया गोयल में हुए 4 करोड़ से अधिक के गबन और धोखाधड़ी के मामले में अपराध दर्ज किया है।
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ मुख्यालय भोपाल में पंजीबद्ध शिकायत 26/21 का  सत्यापन रामनिवास यादव उपपुलिस अधीक्षक ने किया। जिसमें सामने आया कि वर्ष 2019-2022 के दौरान आरोपीगणों ने प्राथमिक कृषि सहकारी समिति मर्यादित निपानिया गोयल जिला उज्जैन और जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा घट्टिया के लगभग 1221 कृषक सदस्यों के केसीसी खातों का दुरूपयोग किया। तत्कालीन संस्था प्रबंधक, संस्था प्रशासक एंव शाखा प्रबंधको द्वारा आपस में सांठगांठ करके बैंक, संस्था एवं कृषको की राशि कुल 4 करोड 67लाख 48 हजार 187 रूपए का गबन किया। जांच के बाद मामले में महेशचंद्र राठौर और अन्यों के खिलाफ बैंक, संस्था और कृषकों को आर्थिक हानि पहुंचाए जाने पर धारा 201, 409, 420, 465, 466, 467, 468, 471 120-बी भादवि एवं धारा 7 (सी), 13 (1) (ए) सहपठित 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत अपराध दर्ज कर जांच  विवेचना में लिया।
जांच में आया ऐसे दिया अंजाम
जांच में पाया गया कि आरोपियों ने नियम विरूद्ध कृषक सदस्यों की सहमति और जानकारी के बिना ऋण स्वीकृत किया। कृषको की भुगतान ऋण राशि को केसीसी खातों में समायोजित नहीं किया। केसीसी लिमिट का दुरूपयोग करते हुए लगभग 4.67 लाख रूपए की आर्थिक हानि कारित कर गबन किया। संस्था के कृषक सदस्यों के खातों एवं ऋण संबंधी अभिलेखो को गायब किया गया।
जांच के दौरान 3 आरोपियों की मौत
प्रकरण में जांच के दौरान संस्था निपानिया गोयल के तत्कालीन संस्था प्रबंधक  सुमेरसिंह सिसौदिया, संस्था प्रशासक चन्द्रेश जोशी और बैंक शाखा घटिया के तत्काली शाखा प्रबंधक शिव हरदेनिया के विरूद्ध भी अपराध के साक्ष्य पाए गए है लेकिन इन आरोपितों की मृत्यु हो चुकी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment