गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग में चौकीदार की झुलसकर मौत

मंदसौर। जिले की भानपुरा तहसील के ग्राम कंवला में शुक्रवार को गैस सिलेंडर फटने से एक मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में मकान के अंदर फंसे चौकीदार जाकिर हुसैन पठान की झुलसकर मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों ने उनकी पत्नी नूरजहां और बेटे जाफर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घर और दुकान एक साथ होने के कारण आग तेजी से फैली और मकान का एक हिस्सा ढह गया।जानकारी के अनुसार जाकिर हुसैन पठान गांव में चौकीदारी करने के साथ मकान के सामने टायर पंचर की दुकान चलाते थे। विस्फोट के समय वे घर के भीतर मौजूद थे और लपटों के बीच घिर जाने से बाहर नहीं निकल सके। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नूरजहां व जाफर को बाहर निकाला।

आग की सूचना पर भानपुरा, गरोठ और भैंसोंदा मंडी से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों व ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, जिसके बाद मलबे से जाकिर का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भानपुरा शासकीय अस्पताल भेजा गया। दूसरी ओर, जनपद प्रतिनिधि निर्भय सिंह ने दमकल और प्रशासनिक मदद पहुंचने में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर सहायता मिलती तो जाकिर की जान बच सकती थी। उन्होंने मृतक परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते पीड़ित परिवार को एक करोड़ रु. का मुआवजा देने की मांग की।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment