उज्जैन। जाति जनगणना 2027 में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर शुक्रवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोठी स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्ञापन में मांग की गई कि जनगणना के प्रश्न क्रमांक 10 में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ा जाए। साथ ही वर्ग और जाति की जानकारी अलग-अलग दर्ज की जाए, ताकि ओबीसी वर्ग की जनसंख्या से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से सामने आ सके।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ओबीसी के आरक्षण और अधिकारों के साथ अन्याय कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार जिसकी जितनी आबादी, उसकी उतनी हिस्सेदारी की बात उठा रहे हैं।
अध्यक्ष भाटी ने कहा कि ओबीसी वर्ग को उसका उचित अधिकार और हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक ओबीसी वर्ग को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी। इस दौरान कांग्रेस नेता मनोहर बैरागी, रवि राय, अजय राठौर, देवव्रत यादव, भरत पोरवाल, बबलू खींची सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।