एटीएम को काटकर नकदी उड़ाने वाले 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार:6 लाख रू., ऑक्सीजन सिलेंडर जब्त

मंदसौर। जिले की गरोठ पुलिस ने भानपुरा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को गैस कटर से काटकर नकदी उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में शामिल 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 6 लाख रू. नकद, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, 2 ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, एटीएम के कटे हुए पार्ट्स और मोबाइल फोन जप्त किए हैं।प्राप्त जानकारी अनुसार बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक विनोद कलोरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि विगत 29-30 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने एटीएम को गैस कटर से काटकर नकदी चुरा ली है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल व आसपास के लगभग एक हजार सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर की सूचना पर विभिन्न प्रदेशों में दबिश देकर तीन मुख्य आरोपियों समीर खान निवासी कोटा (राजस्थान), शहजाद मेवाती निवासी नूंह (हरियाणा) और मानपाल लोधी निवासी कासगंज (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया, जबकि इनका एक साथी शिवकुमार लोधी फिलहाल फरार है।
आरोपी ऐसे देते थे वारदात को अंजाम-पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ से दूर बिना गार्ड वाले एटीएम की रेकी करते थे। वारदात के दौरान फर्जी एटीएम कार्ड से रसीद फंसाकर कैश ब्लॉक कर देते थे ताकि आम नागरिक एटीएम का उपयोग न कर सकें। इसके बाद स्प्रे छिड़ककर सीसीटीवी कैमरों को अंधा कर दिया जाता था और महज कुछ ही मिनटों में गैस कटर से मशीन काटकर कैश ट्रे निकाल ली जाती थी। यह गिरोह पूर्व में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उ.प्र. और म.प्रत्र में करोड़ों रुपये की एटीएम कटिंग की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पकड़े गए आरोपियों पर विभिन्न राज्यों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment