मरने वालों में 8 बच्चे, 16 महिलाएं, 9 साल की बच्ची के गुमने की खबर से बेकाबू हुई भीड़
ब्रह्मास्त्र करुर
तमिलनाडु के करूर में एक्टर विजय की रैली में शनिवार शाम को भगदड़ मच गई। इसमें 36 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 16 महिलाएं और 8 बच्चे शामिल हैं। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एम ए सुब्रमणियन ने यह जानकारी दी। हादसे में 58 से ज्यादा लोग घायल हो गए। आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
जानकारी के मुताबिक अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम यानी टीवीके की रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। बताया गया है कि 9 साल की एक बच्ची गुम गई थी। विजय ने मंच से उसे तलाशने की अपील पुलिस और अपने लोगों से की, जिसके बाद वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए। भीड़ में फंसने से कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और कई लोग और कार्यकर्ता बेहोश होने लगे। हालात बिगड़ते देख विजय ने भाषण रोक दिया और लोगों से शांति की अपील की। इसके बाद वे भाषण छोड़कर निकल गए। विजय की रैली के लिए 10 हजार लोगों की परमिशन थी। प्रशासन को 50 हजार लोगों के जुटने का अनुमान था, लेकिन वहां करीब 1 लाख 20 हजार लोग एकत्र हो गए थे।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने इस हादसे की जांच के लिए जस्टिस अरुणा जगदीसन की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन किया। स्टालिन ने मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की। वहीं, घायलों को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। उट स्टालिन देर रात को ही करूर पहुचें और हालात का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।
