इंदौर। दीपावली की खुशियां सिर्फ अपने घर और परिवार तक सीमित न रहें, बल्कि उन बच्चों तक भी पहुंचे, जिन्हें अपनों के साथ त्योहार मनाने का अवसर कम मिलता है। इसी भाव के साथ कलेक्टर शिवम वर्मा दीपावली के अवसर पर शासकीय बाल संरक्षण आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के बीच समय बिताया और उन्हें उपहार, नए वस्त्र तथा मिठाइयां वितरित कर त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनकी पढ़ाई, दिनचर्या तथा कुशलक्षेम की जानकारी ली। उपहार और मिठाइयां मिलने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। औपचारिक मुलाकात से आगे बढ़कर कलेक्टर ने बच्चों के साथ मिठाइयां साझा कीं और आतिशबाजी कर दीपावली का उत्सव भी मनाया।
इस दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि बच्चों के बीच दीपावली मनाना उनके लिए सुखद अनुभूति है। बच्चे देश का उज्ज्वल भविष्य हैं और उनकी मुस्कान ही ऐसे आयोजनों की सबसे बड़ी खुशी है। उन्होंने कहा कि प्रयास रहता है कि आश्रम में रहने वाले बच्चों को भी हर त्योहार पर परिवार जैसा अपनत्व और खुशियों का माहौल मिले।कलेक्टर ने कहा कि बाल संरक्षण आश्रम में बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों से जोड़ना भी जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों के भीतर सामाजिक जुड़ाव और अपनत्व की भावना मजबूत करते हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जीवन में आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, समाजसेवी विनोद खण्डेलवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।