उज्जैन। बाफना पार्क में गुरूवार-शुक्रवार रात 2 बजे बाइक पर आये बदमाशों ने दहशत फैलाते हुए वाहनों के कांच फोड़कर एक मकान पर पथराव किया था। फुटेज से बदमाशों की पहचान होने पर पांच को हिरासत में लिया गया। 3 बदमाशों को क्षेत्र में जुलूस निकालकर सबक सिखाया गया है। उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
चिमनगंज थाना क्षेत्र के बाफना पार्क में सेवानिवृत्त शिक्षिका अफरोज पिता इस्माईल बेटी संगीता खान और उसके बेटे शेरान अली के साथ निवास करती है। रात 2 बजे के लगभग कुछ बदमाश दो पहिया वाहनों पर सवार होकर पहुंचे और घर की बाहर खडी डिजायर कार के साथ बुलेट में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बदमाशों ने उनके घर की खिड़की दरवाजों पर तलवार-लाठी से हमला किया और कांच फोड़ दिये। बदमाशों ने सेवानिवृत्त शिक्षिका के मकान के सामने रहने वाले आयुर्वेदिक कॉलेज के डॉ. प्रदीप अग्रवाल की कार में भी तोड़फोड़ की। करीब 15 से 20 मिनट तक बदमाश गद्दर मचाते रहे और दहशत फैलाकर भाग निकले। रात में बदमाशों की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस जांच के लिये पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। इस दौरान कुछ बदमाशों की पहचान किशन पिता मांगीलाल अहिरवार छोटी मायापुरी, विकास पिता रमेश सारोलिया, विशाल सारोलिया निवासी अमननगर, ऋषि पिता पंकज निवासी वर्धमाननगर और सहिल पिता बनेसिंह गुर्जर ढांचा भवन के रूप में कर ली गई। थाना प्रभारी विवेक कनोड़िया ने पांचों बदमाशों की तलाश में टीम रवाना की और दोपहर में किशन, विकास और विशाल को हिरासत में ले लिया गया। वहीं देर शाम पुलिस को ऋषि और साहिल को गिरफ्तार करने में सफलता मिल गई। पांचों से पूछताछ कर अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
सबक सिखाकर लोगों में खत्म की दहशत
रात में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने वाले 3 बदमाशों किशन, विशाल और विकास को पुलिस बाफना पार्क लेकर पहुंची। जहां उन्होने तोड़फोड़ करते हुए हथियार लहराकर गद्दर मचाया था। पुलिस ने तीनों को सबक सिखाया और जुलूस निकाला। पुलिस की सख्त कार्रवाई देख रहवासियों के बदमाशों द्वारा फैलाई गई दहशत कम हुई और पुलिस की कार्यशैली पर विश्वास बढ़ गया। पुलिस की सख्ती के आगे बदमाश उछलते-कूदते दिखाई दिये।
क्षेत्र में कुछ दिनों से फैल रही दहशत
चिमनगंज थाना क्षेत्र में कुछ दिनों से बदमाशों द्वारा दहशत फैलाने का काम किया जा रहा है। बदमाशों की अपराधिक प्रवृति पर अंकुश लगाने के लिये पुलिस भी अब एक्शन में आ चुकी है। कुछ दिन पहले ही बुंदेला गैंग के बदमाश कमल परमार को पकड़ा गया था, वहीं उसके 12 साथियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गैंग के बदमाश शहर छोड़कर भाग निकले है। थाना प्रभारी विवेक कनोड़िया ने बताया कि क्षेत्र में दहशत फैलाने के साथ सख्ती से निपटा जायेगा, ताकि लोगों खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।
अब तक पांच हिरासत में, साथियों की तलाश में दबिश उछलते-कूदते दिखे वाहनों के कांच फोड़ने वालों बदमाश -पुलिस ने क्षेत्र में निकाला जुलूस, बाफना पार्क में रात को फैलाई थी दहशत