इंदौर। सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सीएचएमओ कार्यालय के पीछे एक अज्ञात युवक का शव मिला है। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।पुलिस के मुताबिक घटना पालिका प्लाजा के पीछे स्थित मंदिर के ओटले की है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।मौके पर जांच के दौरान युवक के सिर पर पत्थर से वार किए जाने जैसे गंभीर चोट के निशान मिले। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया हो सकता है।फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी जुटाने के साथ उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपी और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया ।