हमलावरों की हुई पहचान, गिरफ्तारी के प्रयास रेलवे स्टेशन के सामने आटो चालक पर चाकू से हमला

उज्जैन। सवारी बैठाने की बात पर गुरूवार सुबह रेलवे स्टेशन के सामने आटो चालक पर 2 युवकों ने चाकू से हमला कर दिया था। पुलिस ने चाकूबाजी का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद दोनों हमलावरों की पहचान कर ली है। जिनकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
रेलवे स्टेशन के सामने पान की दुकान के बाहर सुबह 6 बजे आटो चालक सचिन पिता सुरेन्द्र गुप्ता निवासी विजयनगर थाना चिमनगंज पर सवारी बैठाने की बात पर 2 युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। तीन से चार चाकू लगने पर सचिन घायल हो गया, हमलावर भाग निकले। घायल को लोगों की मदद से चरक अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की खबर मिलते ही देवासगेट थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के परिजनों को सूचना दी। पुत्र दक्षित अस्पताल पहुंचा, पिता की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिये निजी अस्पताल ले गया। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की और घायल आटो चालक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के चाकू मारने का प्रकरण दर्ज किया। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गये। जिसमें चाकूबाजी का घटनाक्रम कैद होना सामने आया। चाकू मारने वालों के चेहरे सामने आने पर उनकी पहचान के प्रयास शुरू किये गये। देवासगेट थाना प्रभारी नरेन्द्रसिंह परिहार ने बताया कि शाम को फुटेज के आधार पर चाकू मारने वाले दोनों हमलावरों की पहचान कर ली गई। एक नाम अमन और दूसरे का अक्का होना सामने आये है। दोनों का निवास अम्बर कालोनी होना पता चला है। अमन भी आटो चलाता है। दोनों की तलाश में एक टीम उनके ठिकानों का पता लगाकर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। संभावना है कि रात में दोनों पुलिस की गिरफ्त में होगें। इधर घायल के परिजनों ने बताया कि सचिन रात 2 बजे आटो लेकर घर निकला था। वह रात की शिफ्ट में आटो चलता है। सुबह 8 बजे तक वापस घर लौट आता है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment