सिंहस्थ श्रद्धालुओं के लिए आगर के ग्राम आंकली में बनेगा होल्डिंग स्टेशन

 

उज्जैन। आगामी सिंहस्थ 2028 में आने वाले संभावित 30 करोड से अधिक श्रद्धालुओं के लिए आसपास के जिलों में होल्डिंग स्टेशन बनाए जाने हैं। इंदौर-कोटा मार्ग इसमें प्रमुख रहने वाला है। इस मार्ग पर मध्यप्रदेश का पहला जिला आगर –मालवा है जहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग स्टेशन की जमीन तय कर ली गई है। यहां पर एक हजार वाहनों की पार्किंग क्षमता के साथ होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।

हाल ही में आगर-मालवा जिला प्रशासन ने इसके लिए जमीन का चयन कर लिया है। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने सुसनेर क्षेत्र के भ्रमण के दौरान होल्डिंग एरिया के संभावित स्थलों को देखा था । इस दौरान उन्होंने आगर-सुसनेर मुख्य मार्ग पर सुसनेर से 7 किलोमीटर पूर्व, टोल प्लाजा के समीप स्थित भूमि का अवलोकन किया था। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम आंकली स्थित स्टेडियम परिसर के बाहर एवं पीछे उपलब्ध भूमि का भी सिंहस्थ के दौरान होल्डिंग एरिया बनाए जाने हेतु निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों से विस्तृत चर्चा के उपरांत उन्होंने ग्राम आंकली के इस स्थान को होल्डिंग एरिया के लिए उपयुक्त बताया है। बकौल कलेक्टर प्रिती यादव सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं एवं वाहनों के ठहराव हेतु लगभग 1000 वाहनों की पार्किंग क्षमता के साथ होल्डिंग एरिया विकसित किया जाए। होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं के लिए बिजली, पेयजल, छाया एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत किए जाएं। कलेक्टर ने आंकली स्टेडियम के बाहर मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे अवैध रूप से स्थापित गुमटियों, अस्थाई होटल एवं ढाबों को तत्काल हटाने के निर्देश तहसीलदार सुसनेर को दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग के दोनों ओर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने सोयतकलां के डूंगरगांव, राजस्थान सीमा पर स्थित टोल प्लाजा चेकपोस्ट पर सिहस्थ के मद्देनजर श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया बनाने के लिए स्थल का मौका मुआयना किया और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कहा गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment