उज्जैन
माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के निर्देशानुसार सिंहस्थ महापर्व 2028 को दृष्टिगत रखते हुए उज्जैन शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, भीड़ प्रबंधन एवं आवागमन को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के प्रमुख आंतरिक मार्गों का चौड़ीकरण एवं विकास कार्य राज्य शासन द्वारा प्रदत्त राशि से किया जा रहा है। साथ ही शहर में यातायात के दबाव को कम करने के लिए एलिवेटेड ब्रिज निर्माण का भी कार्य प्रचलित है इसी संबंध में सोमवार को महापौर श्री मुकेश टटवाल द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियरों एवं एमआईसी सदस्यों की उपस्थिति में एलिवेटेड ब्रिज निर्माण की कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी ली गई। इस दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक यंत्री द्वारा ब्रिज के मार्ग, निर्माण योजना एवं उससे होने वाले लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई
पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक यंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत पहला एलिवेटेड ब्रिज इंदिरानगर चौराहे से हरिफाटक फ्लाईओवर तक बनेगा। इससे आगर रोड एवं इंदौर गेट के बीच से गुजरने वाले वाहनों को ऊपरी मार्ग उपलब्ध होगा तथा नीचे की सड़क पर स्थानीय यातायात के लिए अधिक जगह मिल सकेगी
इसी प्रकार दूसरा एलिवेटेड ब्रिज इंदौर गेट से निकास चौराहे तक है इसके निर्माण से इंदौर गेट एवं निकास चौराहे के बीच यातायात का आवागमन अधिक सुगम होगा और इस क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलने में मदद मिलेगी
किसानों की मांग पर चिमनगंज मंडी तक जुड़ेगी एलिवेटेड ब्रिज की भुजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी द्वारा किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए एलिवेटेड ब्रिज की एक भुजा चिमनगंज स्थित कृषि उपज मंडी परिसर तक ले जाने की भी घोषणा की गई है। इससे आगर रोड एवं मंडी क्षेत्र में भारी वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों को अपनी उपज लेकर मंडी आने-जाने में सुविधा होगी तथा मंडी क्षेत्र में यातायात और जाम की समस्या को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी
महापौर श्री मुकेश टटवाल ने निर्माण कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए सिंहस्थ महापर्व 2028 के दृष्टिगत बेहतर यातायात प्रबंधन एवं नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के संबंध में एलिवेटेड ब्रिज निर्माण की सराहना की साथ ही महापौर द्वारा मुख्यमंत्री जी का भी धन्यवाद ज्ञापित किया जिनके मार्गदर्शन में उज्जैन शहर में चहूं और विकास निर्माण कार्य हो रहे हैंइस अवसर पर एमआईसी सदस्य श्री रजत मेहता, श्री सत्यनारायण चौहान, श्री कैलाश प्रजापत एवं डॉ. योगेश्वरी राठौर सहित पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियर उपस्थित रहे