शुजालपुर। आल इंडिया दारुल कजा एवं इफ्ता कमेटी के अध्यक्ष तथा शहर काजी शुजालपुर प्रोफेसर डॉ. काजी एस रहमान ने मध्य प्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता यूसीसी विधेयक पारित होने का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया है।
जारी बयान में डॉ. रहमान ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने से प्रदेश के सभी नागरिकों में समानता की भावना मजबूत होगी और महिलाओं के अधिकारों को संरक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार केंद्र सरकार द्वारा तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद मुस्लिम महिलाओं की स्थिति में सुधार देखने को मिला, उसी प्रकार समान नागरिक संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन से भविष्य में महिलाओं, विशेषकर मुस्लिम महिलाओं को भी व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस कानून से महिलाओं को संपत्ति में समान अधिकार मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा, बहुविवाह जैसी प्रथाओं पर नियंत्रण लगेगा तथा पारिवारिक मामलों में एकरूपता आएगी।
साथ ही विभिन्न धर्मों के लोगों के लिए गोद लेने संबंधी समान कानूनी व्यवस्था भी सुनिश्चित हो सकेगी। डॉ. रहमान ने कहा कि समान नागरिक संहिता सामाजिक समरसता और न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम या बहकावे में न आएं तथा कानून के प्रावधानों को समझकर उनका ईमानदारी से पालन करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कानून प्रदेश में सामाजिक सुधार और लैंगिक समानता को नई दिशा प्रदान करेगा।
समान नागरिक संहिता बिल ऐतिहासिक और युगांतरकारी कदम- शहर काजी