सब्जी मंडी में मोबाइल चोरी करने वाले पारदी गैंग के s शातिर गिरफ्तार, 9 मोबाइल और बाइक बरामद

खरगोन। खरगोन जिले की सनावद पुलिस ने साप्ताहिक सब्जी मंडी में भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेब से मोबाइल चोरी करने वाले पारदी गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 9 महंगे मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 4.55 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को चांदनीपुरा निवासी तोशिफ ने थाना सनावद में शिकायत दर्ज कराई थी कि सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान उसकी जेब से ओप्पो एफ-31 प्रो मोबाइल चोरी हो गया। जांच के दौरान उसी दिन बाजार से चार अन्य लोगों के मोबाइल चोरी होने की जानकारी भी सामने आई। प्रारंभिक स्तर पर चोरी गए मोबाइलों की कीमत करीब 1.71 लाख रुपये आंकी गई, जिसके आधार पर थाना सनावद में अपराध क्रमांक 287/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी धर्मेन्द्र यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जांच के दौरान इंदौर जिले के अहिरखेड़ी निवासी नीरज पिता जयपाल सिसोदिया (23) और शेरु उर्फ सागर पिता साहेब सिंह सोलंकी (33) की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदातें स्वीकार कर लीं। प्रारंभिक कार्रवाई में उनके कब्जे से 5 मोबाइल फोन और करीब 80 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद की गई। न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने के बाद आरोपियों की निशानदेही पर 4 अन्य चोरी के मोबाइल भी बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 9 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 3.75 लाख रुपये है, जब्त किए गए। बाइक सहित कुल बरामद मशरूका की कीमत करीब 4.55 लाख रुपये है।पुलिस के अनुसार, आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों में पहले रेकी करते थे और फिर खरीदारी में व्यस्त लोगों की जेब से मोबाइल चोरी कर फरार हो जाते थे।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी नीरज के खिलाफ इंदौर और अलीराजपुर में चोरी, मारपीट एवं पॉक्सो एक्ट के मामले दर्ज हैं, जबकि शेरु उर्फ सागर के विरुद्ध इंदौर और शाजापुर में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment