श्री गौरीशंकर महादेव मंदिर में 5 दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

सुसनेर। नगर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित परसुलिया रोड की पुष्प शक्ति विहार कॉलोनी में नव निर्मित श्री गौरीशंकर महादेव मंदिर में शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा के लिए आयोजित 5 दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन दोपहर 2 बजे श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भगवान शिव के जयकारों और भजनों के साथ नगर भ्रमण किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में धर्मध्वज लेकर चल रहे भक्तों के साथ भगवान भोलेनाथ के जयघोष किए, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया गया। कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुष्प शक्ति विहार कॉलोनी स्थित श्री गौरीशंकर महादेव मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। आयोजन के दौरान विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, हवन एवं वैदिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। महोत्सव के समापन अवसर पर शिव परिवार की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment