वार्ड 43 में सड़क निर्माण कार्य के दौरान पेयजल पाइपलाइन फूटी, देसाई नगर लक्ष्मीनगर, घासमंडी व आंबापुरा में जल संकट गहराया  पिछले 8 दिनों से क्षेत्रवासी पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे

उज्जैन। वार्ड क्रमांक 43 में पेयजल पाइपलाइन फूटने की वजह से कई क्षेत्रों में नलों से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण क्षेत्रीय
लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। पिछले 8 दिन से क्षेत्र में जल संकट गहराया हुआ है। लेकिन अभी तक इस समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। वार्ड 43 में सांदीपनि चौराहे से उद्ययन मार्ग तक सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है ऐसे में सड़क निर्माण की खुदाई के दौरान यहां की पेयजल पाइपलाइन फूट गई। इस कारण इस वार्ड के देसाई नगर, लक्ष्मी नगर, सांदीपनि चौराहा, घास मंडी सहित वल्लभनगर व अंबापुरा में जल संकट पैदा हो गया है। यहां पिछले 8 दिन से पेयजल व्यवस्था बिगड़ी हुई है। ऐसे में क्षेत्रीय लोगों को प्रतिदिन उपयोग के लिए पानी जुटाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कुछ क्षेत्रों में नगर निगम के टैंकर भेज कर पानी की पूर्ति की जा रही है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पिछले आठ दिन से क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है। पेयजल पाइपलाइन डैमेज होने के कारण कई क्षेत्रों में नलों से पानी नहीं आ रहा है। सड़क निर्माण में ठेकेदार द्वारा बरती जा रही लापरवाही के कारण यहां की पेयजल पाइपलाइन कई बार डैमेज हो चुकी है। जिसे पीएचई विभाग की टीम सुधारकर जाती है और कुछ दिन बाद फिर पाइपलाइन फूट जाती है। इस कारण वार्ड के अधिकांश क्षेत्रों में पेयजल समस्या पैदा हो रही है। निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा बरती जा रही लापरवाही का खामीयाज क्षेत्रीय लोगों को उठाना पड़ रहा है। क्षेत्र के कुछ लोगों ने बताया कि उनके यहां हफ्ते में सिर्फ दो बार ही नलों से पानी आया है। इसके साथ ही सबसे ज्यादा पानी की समस्या गली नंबर 6 व लक्ष्मीनगर में यादव डेयरी के पीछे व अंबापुरा सहित अन्य इलाकों में बनी हुई है। क्षेत्रीय पार्षद द्वारा टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। लेकिन रोज के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने की वजह से लोगों को पानी के लिए फिर भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। और पीने के लिए व उपयोग के लिए पानी खरीदकर लाना पड़ रहा है या फिर दूर दराज के जल स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इन्होंने यह कहा…
क्षेत्रीय पार्षद सुनील चावंड ने बताया कि संदीपनी चौराहे से उद्ययन मार्ग तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य की खुदाई के दौरान यहां की पेयजल पाइपलाइन फूट गई। इस कारण लक्ष्मी नगर, अंबापुरा, घासमंडी, सांदीपनि चौराहा क्षेत्र में नलों से पानी नहीं आ रहा है। हालांकि जहां पानी की समस्या है उन क्षेत्रों में टैंकरों से पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। क्षेत्र में नई पेयजल पाइपलाइन डाली जा रही है। एक-दो दिन में इसका काम पूरा हो जाएगा जिससे यह समस्या दूर हो जाएगी और जल्द ही क्षेत्र में सभी जगह नालों से पानी पहुंचेगा। हालांकि फूटी पाइप लाइन के बारे में पीएचई के अधिकारियों से बात हुई है उनका कहना है कि एक दो दिन में लाइन सुधर जाएगी और क्षेत्र में सभी दूर नालों से पानी पहुंचेगा।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment