वाइन शॉप में मिला ड्रग्स खरीदने आया मुम्बई का युवक -घाटाखेड़ी से लाकर बेचने वाला गिरफ्तार, दोनों से रिमांड पर पूछताछ

उज्जैन। रात्रि गश्त में पुलिस ने गरोठ 8 लेन छज्जूखेड़ी से एक युवक को मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा। पूछताछ करने पर उसने मुम्बई के युवक को बेचने की बात कहीं। पुलिस ने कार से निकले मुम्बई के युवक की तलाश शुरू की तो वाइन शॉप में मिला। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज कर पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया है।
राघवी पुलिस ने रविवार-सोमवार रात्रि गश्त के दौरान छज्जूखेड़ी से ईश्वर पिता तूफानसिंह 22 साल निवासी टीपूखेड़ा झारडा को पकड़ा गया था, उसके पास से मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह मुम्बई के मलाड़ में रहने वाले विनोद पिता रामकृष्ण सिरभाते को ड्रग्स देने आया था। मुम्बई के युवक की जानकारी लेने पर पता चला कि फार्च्युनर कार से निकला है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की तो उक्त कार घौंसला वाइन शॉप के सामने खड़ी मिली। पुलिस ने चालक के लौटने का इंतजार किया उसके आते ही उसे भी दबोच लिया। दोनों के पास से 19 ग्राम के लगभग ड्रग्स बरामद होने पर एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज किया। थाना प्रभारी विरेन्द्र बंदेवार ने बताया कि दोनों को सोमवार दोपहर उज्जैन कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 2 दिनों की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है।
घाटाखेड़ी के मेहरबान से लाता था ईश्वर
बताया जा रहा है कि ईश्वर से पूछताछ में पता चला कि वह डग बडौद स्थित घाटाखेड़ी के मेहरबान से ड्रग्स लेकर आता था। उसने कई लोगों से संपर्क बना रखा है, जो मादक पदार्थ का सेवन करते है। वह पिछले सालभर से ड्रग्स लाकर लोगों को बेचने का काम कर रहा है। राघवी पुलिस तस्कर का नाम सामने आने पर उसकी तलाश में घाटाखेड़ी जा सकती है। जानकारी यह भी सामने आई कि मुम्बई का विनोद पूर्व में भी ड्रग्स लेने आ चुका है। उसे नशे का शौक है, वह किराये से कार लेकर उज्जैन आया था। ईश्वर से उसका संपर्क 8 माह पूर्व हुआ था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment