उज्जैन। निर्माणाधीन मकान में सोमवार दोपहर हुए हादसे में 8 साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। पुत्र का शव देख माता-पिता बेहोश हो गये। मासूम पर छत भराई की मिनी लिफ्ट मशीन गिरी थी। चिमनगंज थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू की है।
चिमनगंज थाना एएसआई दिनेश वरकड़े ने बताया कि इंदिरानगर में निर्माणाधीन मकान में 8 साल के मासूम नैंस पिता हेमराज मेनिया पर मिनी लिफ्ट मशीन गिरने से हुई मौत की खबर मिलने पर पुलिस पहुंची थी। मासूम को निजी अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि करने के बाद शव को चरक अस्पताल लाया गया। मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मासूम के पिता हेमराज अपनी पत्नी और 2 बच्चों के साथ इंदिरानगर में निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी के लिये आये हुये थे। परिवार आगर-मालवा के नलखेड़ा का रहने वाला है। निर्माणाधीन मकान धनश्याम चेतनानी का बताया जा रहा है। जहां ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव अंतिम संस्कार के लिये पैतृक गांव लेकर गये है। कुछ दिनों बाद परिवार के बयान दर्ज कर जांच शुरू की जायेगी।
दूसरी मंजिल पर खेल रहा था मासूम
बताया जा रहा है कि मासूम नैंस मकान की दूसरी मंजिल पर खेल रहा था। उसके माता-पिता काम में लगे थे, वहीं 3 साल की छोटी बहन माता-पिता के साथ थी। निर्माण कार्य में लगे दूसरे मजूदर छत भराई के लिये मिनी लिफ्ट मशीन को कसने का काम कर रहे थे उसी दौरान मशीन नीचे गिरी। मासूम के सिर में चोंट लगने पर उसकी मौके पर मौत हो चुकी थी।
माता-पिता शव देख हुये बेहोश
हादसे के बाद काम करने में वालों में हडकंप मच गया था। मासूम पुत्र नैंस के दबने की खबर लगते ही माता-पिता दूसरी मंजिल पर पहुंचे। उन्होने पुत्र को देखा तो दोनों बेहोश हो गये। मासूम के सिर में गंभीर चोंट लगी थी। पोस्टमार्टम के दौरान भी माता-पिता बदहवास हालत में थे, परिवार के अन्य लोग खबर लगने पर उज्जैन पहुंच गये थे। नैंस परिवार का एकलौता पुत्र था।
छत भराई की मिनी मशीन 8 साल के मासूम पर गिरी -सिर में चोंट लगने पर हुई, पुत्र को देख बदहवास बेहोश हुये माता-पिता